झारखण्ड / देवघर : देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा बढ़ाने के लिए प्रशासन ने कई अहम बदलावों की तैयारी शुरू कर दी है। शुक्रवार को डीसी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में राजकीय श्रावणी मेला 2026 और मंदिर व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हुई।
बैठक में पूरे वर्ष बाह्य अर्घा सिस्टम लागू करने और मंदिर के गर्भगृह में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगाने के प्रस्ताव पर सहमति बनी। अधिकारियों, तीर्थ पुरोहितों और प्रबुद्धजनों ने इन प्रस्तावों का समर्थन किया।
डीसी ने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए जलार्पण व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और शीघ्र दर्शन प्रणाली को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मंदिर परिसर में नए फुटओवर ब्रिज, क्लॉक रूम, सुरक्षित प्रवेश-निकास मार्ग और आधुनिक क्राउड मैनेजमेंट व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। पंडा धर्मरक्षिणी सभा ने भी अपने सुझाव प्रशासन को सौंपे, जिन पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।


