गढ़वा: झारखंड सरकार के परिवहन विभाग की महत्वाकांक्षी योजना ‘परिवहन कार्यालय आपके द्वार’ के तहत शनिवार को चिनिया प्रखंड में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को परिवहन विभाग की सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़े कार्यों के लिए जिला मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।

सुबह 11 बजे शुरू हुए इस शिविर में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। यहां आवेदकों के दस्तावेजों का सत्यापन, कंप्यूटर आधारित लर्निंग टेस्ट और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं एक ही स्थान पर पूरी कराई गईं। शिविर के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) धीरज प्रकाश स्वयं मौजूद रहे और लर्निंग टेस्ट में सफल हुए 125 अभ्यर्थियों को लर्निंग लाइसेंस प्रदान किया।

इस अवसर पर डीटीओ धीरज प्रकाश ने लोगों से अपील की कि वे शिविर में आने से पहले सारथी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर लें। उन्होंने कहा कि आवेदक नजदीकी प्रज्ञा केंद्र या अन्य ऑनलाइन सेवा केंद्र की मदद से आवेदन कर सकते हैं और आवेदन की प्रति, जरूरी दस्तावेज तथा शुल्क भुगतान की रसीद साथ लेकर शिविर में आएं।

उन्होंने बताया कि शिविर का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित है। आवेदन के लिए आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, वोटर आईडी या 10वीं की मार्कशीट (आयु प्रमाण के रूप में), पासपोर्ट साइज फोटो और ब्लड ग्रुप की जानकारी आवश्यक है। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि शिविर में नकद भुगतान स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसलिए आवेदकों को यूपीआई या एटीएम कार्ड जैसी डिजिटल भुगतान सुविधा का उपयोग करना होगा।

परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान की शुरुआत मेराल प्रखंड से की गई थी और अब इसे गढ़वा जिले के अन्य प्रखंडों एवं पंचायतों तक चरणबद्ध तरीके से विस्तार दिया जाएगा। योजना का उद्देश्य ग्रामीणों तक परिवहन सेवाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित करने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।

शिविर के सफल संचालन में प्रखंड प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों और जिला परिवहन कार्यालय के कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे न केवल समय और खर्च की बचत हो रही है, बल्कि सरकारी सेवाएं भी अब गांव स्तर पर अधिक सुलभ हो गई हैं।