पटना: बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। लंबे समय से चल रही अटकलों के बीच अब यह साफ हो गया है कि जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर इस सीट से चुनाव लड़ेंगे। रविवार को पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में उनके नाम पर सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई।

कोर कमेटी की बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उपचुनाव की रणनीति, संगठन की तैयारियों और उम्मीदवार चयन पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। चर्चा के बाद प्रशांत किशोर को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए पार्टी का आधिकारिक उम्मीदवार घोषित करने का फैसला लिया गया।

बैठक के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जन सुराज के नेताओं ने इस निर्णय की औपचारिक घोषणा करते हुए कहा कि प्रशांत किशोर के नेतृत्व में पार्टी इस उपचुनाव में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी। नेताओं का कहना है कि उनके उम्मीदवार बनने से चुनावी अभियान को नई गति मिलेगी और संगठन को भी मजबूती मिलेगी।

दरअसल, पिछले कई दिनों से यह चर्चा चल रही थी कि प्रशांत किशोर खुद चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। हालांकि पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई थी। अब कोर कमेटी की मंजूरी के बाद इन सभी अटकलों पर विराम लग गया है।

राजनीतिक दृष्टि से बांकीपुर विधानसभा सीट को बिहार की सबसे अहम सीटों में गिना जाता है। ऐसे में प्रशांत किशोर की उम्मीदवारी को चुनावी मुकाबले में बड़ा मोड़ माना जा रहा है। पार्टी का कहना है कि वह इस चुनाव में स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी और जमीनी स्तर पर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएगी।

जन सुराज की रणनीति के तहत प्रशांत किशोर स्वयं चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे और क्षेत्र में लगातार जनसभाओं, बैठकों और संपर्क अभियान के जरिए मतदाताओं तक पहुंचने का प्रयास करेंगे। माना जा रहा है कि उनकी एंट्री से बांकीपुर का उपचुनाव बिहार की सबसे चर्चित राजनीतिक लड़ाइयों में शामिल हो गया है।