मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से श्याम सेल एंड पावर कंपनी के प्रतिनिधियों ने मुलाकात की। कंपनी ने पीथमपुर में दूसरी स्टेनलेस स्टील उत्पादन इकाई के लिए 1000 करोड़ रुपये निवेश और 1000 से अधिक रोजगार देने की योजना बताई।

भोपाल।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश आज देश के सबसे तेजी से विकसित होते राज्यों में शामिल है और उद्योग एवं निवेश के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश के लिए आगे आने वाले प्रत्येक उद्योगपति और निवेशक का सरकार खुले दिल से स्वागत करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि “समृद्ध मध्यप्रदेश, समृद्ध भारत” के संकल्प को साकार करने के लिए राज्य सरकार उद्योगों को हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मंगलवार को मध्यप्रदेश विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में श्याम सेल एंड पावर कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान कंपनी के ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर संजय अग्रवाल और चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर दीपक कुमार गौर ने मुख्यमंत्री को कंपनी की आगामी औद्योगिक विस्तार योजनाओं से अवगत कराया।

पीथमपुर में दूसरी स्टील यूनिट लगाने की तैयारी

कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि श्याम सेल एंड पावर लिमिटेड स्टेनलेस स्टील निर्माण के क्षेत्र में कार्यरत है और उसकी एक उत्पादन इकाई पहले से ही धार जिले के औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर में संचालित है।

इस मौजूदा इकाई में कंपनी ने करीब 550 करोड़ रुपये का निवेश किया है, जिससे लगभग 1300 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। अब कंपनी पीथमपुर में ही अपनी दूसरी अत्याधुनिक उत्पादन इकाई स्थापित करना चाहती है।

1000 करोड़ का नया निवेश, 1000 से अधिक रोजगार

कंपनी ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रस्तावित नई परियोजना में करीब 1000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इस निवेश से 1000 से अधिक नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे, जिससे प्रदेश की औद्योगिक गतिविधियों के साथ स्थानीय रोजगार को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।

अतिरिक्त भूमि आवंटन का किया अनुरोध

नई निर्माण इकाई स्थापित करने के लिए कंपनी ने पीथमपुर में अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता बताते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भूमि आवंटित करने का अनुरोध किया।

इस संबंध में प्रमुख सचिव, औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन राघवेन्द्र कुमार सिंह ने जानकारी दी कि कंपनी को राज्य सरकार की सभी नई औद्योगिक नीतियों से अवगत करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि दूसरी उत्पादन इकाई के लिए कंपनी को 25 एकड़ भूमि पहले ही आवंटित की जा चुकी है, लेकिन परियोजना के विस्तार के लिए कंपनी को इससे अधिक भूमि की आवश्यकता है।

निवेश को बढ़ावा देने पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण, बेहतर औद्योगिक नीतियां और मजबूत बुनियादी ढांचा उपलब्ध करा रहा है। यही कारण है कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कंपनियां प्रदेश में निवेश के लिए आगे आ रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक विकास के माध्यम से रोजगार सृजन और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक में मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड (MPIDC) के प्रबंध निदेशक चन्द्रमौली शुक्ला सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।